ग्रे

अतुलअतुल

1 min read · 12.4K reads

हम जो छुप छुप कर करते रहे पिताओं से ढेर सारी नफ़रत

मगर दिखते रहे निसार उनकी मोहब्बत और याद में जब-तब

हम जो घरों से भागने को ढूँढ़ते रहे कॉलेज और दफ़्तरों के बहाने

पर गाते दिखे गाँव का गाना, चुआते लार नॉस्टेल्जिया की मिठाई पे

हमारा सच, हमारा झूठ सब एक-सा है

हम जो अकेलेपन का रोना चिपकाए रहें अपनी आस्तीन पर

और मिले प्रेम को धकियाते रहें बाज़ुओं से जब-तब

चीख़ते रहे क्रांति-क्रांति-क्रांति... के नारे,

और प्रेम में मिली मनाही को भी छूटी जायदाद समझ शराब के घूँट पीते रहे

हमारा सच, हमारा झूठ सब एक-सा है

हम जो बारिश के दिनों में कोसते रहे आसमान को

और धूप के दिनों में बरसात के ख़याल से मोहाये उफनते रहे

सर्दियों में दी गालियाँ रज़ाई वाले कारीगर को

और गर्मियों में पंखे के नीचे जगह घेरने के लिए झगड़ते रहे

हमारा सच, हमारा झूठ सब एक-सा है

हम जो शहर में गाँठे रहे सर पे गमछा दिखाते ठेंठपने का फ़र्ज़ी प्रमाणपत्र

और घूमते रहे गाँव, मुँह पर शहरी गंभीरता और पैरों में लिए ब्रांडेड चप्पल

हम जो बौद्धिक समाज में बचे बनकर भदेस

और सरल लोगों में जटिल ख़यालों की पट्टी बाँधे रहे

लिखते रहे चोरी छुपे कविताएँ शोध-पत्रों के भीतर

और कविताओं में ठूँसते रहे थ्योरी के सत्रह सवाल

साटे रहे किताबें अपने सीने से,

चस्पाँ किए रहे तस्वीरें किताबों की जब-तब

पढ़ने का सलीक़ा तक न सीखने को,

न ही समझने को कुदाल और फरूहे की चाल

हमारा सच, हमारा झूठ सब एक-सा है

हम जो बचाते रहे ख़ुद को दिखाकर कोई समूह,

लिए एक 'हम' की ढाल

हमारा सच, हमारा झूठ सब एक-सा है।

अतुल
About the poet

अतुल

नई पीढ़ी के कवि-लेखक।

View profile & all 13 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय