अश्वमेध

आशुतोष दुबेआशुतोष दुबे

1 min read · 12.4K reads

उसकी धौंकनी में दम फूलता है इच्छाओं का

स्वप्न उसकी टापों में लगातार बजते हैं

वह एक कौंध की तरह गुज़रता है

पण्य-वीथियों में श्रेष्ठि उसे मुँह बाए देखते हैं

हर गुज़रते लक्ष्य के साथ

सुनहरी होती जाती है उसकी अयाल

वह अधिक रम्य होता जाता है

और अधिक काम्य

संभव नहीं रहता उस सदेह चुनौती की ताब ला पाना

पुरवासियों की श्वासलय उखड़ने लगती है

जैसे गिरती हो गरज के साथ बिजली

और ठठरी हो जाता हो सब्ज़ पेड़

ऐसे कूदता है वह

सात समंदर पार धुर देहात में

और घास के बजाय चबाने लगता है नीम

देखते-देखते स्वाद के बदलने लगते हैं अर्थ

ताज्जुब के लिए बहुत देर हो चुकती है

बात की बात में ढह जाते हैं दुर्जय किले

गर्दन का ख़म किसी का साबुत नहीं बचता

पीछे-पीछे आते हैं प्रधान ऋत्विज

न्यौतते हैं पुरवासियों को यज्ञभूमि पर

पुण्य और प्रसाद पाने के लिए

पता नहीं कब, कौन थामेगा

इस साक्षात् गति की वल्गाएँ

बाँधा जाएगा किस यूप से

किन तलवारों से छुआ जाएगा

कौन लेगा आहुति की धूम्रगंध विधिपूर्वक

अभी तो यह नाप रहा है समूची पृथ्वी

चमक रही हैं इसकी आँखें

जिधर से भी गुज़रता है

वनस्पतियाँ झुलस जाती हैं

गाढ़ा हो जाता है लालसा का रंग

चारण विजयगीत गाते हैं

कुछ न कुछ बदल ही जाता है

सबके भीतर

आशुतोष दुबे
About the poet

आशुतोष दुबे

View profile & all 65 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like