लेटरबॉक्स

अशोक कुमारअशोक कुमार

1 min read · 12.4K reads

चौराहे पर खड़ा लेटरबॉक्स

अब ख़ाली पड़ा है

भीतर से बिल्कुल वीरान

उसमें कोई चिट्ठी नहीं।

वहाँ से गुज़रते हुए

बेटा अक्सर पूछ लेता है

कि यह क्या है पापा

कोई लैंडमार्क है क्या।

मैं उसे समझाता हूँ

कि यह लेटरबॉक्स है

इसमें चिट्ठियाँ डाली जाती हैं

वह बड़े ध्यान से सुनता है

विस्मय से देखता है

और मैं फ़ोन पर उँगलियाँ दौड़ाता हुआ

धीमे से मुस्कुरा देता हूँ।

मैं सोचता हूँ—

कि अगर लेटरबॉक्स बोल सकते

तो ज़रूर बोलते

कि ख़त लिखे जाने चाहिए

कि आज भी बहुत से लोग

किसी ख़त के इंतज़ार में हैं।

अशोक कुमार
About the poet

अशोक कुमार

नई पीढ़ी के कवि। 'मेरे पास तुम हो' शीर्षक से एक कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like