डरता हूँ कि जब कभी वापिस लौटूँगा
तो कहीं वो शहर
मुझे पहचानने से इनकार न कर दे।
कहीं वो यह न पूछ बैठे
कि क्या लेने आए हो इतने दिनों के बाद।
और बड़े दिनों के बाद
अगर कहीं किसी को न पहचान पाया
तो डरता हूँ—
कि वो मेरे बारे में क्या सोचेगा?
जब मेरे कुछ अपने
मुझे वहाँ नहीं दिखेंगें
तो किससे पूछूँगा उनका पता ठिकाना?
नए रास्तों पर चलना
हो सकता है पहले से कुछ आसान हो गया हो
किंतु डरता हूँ—
कि कहीं रास्ता न भटक जाऊँ।
एक अरसे के बाद
अकेले, चुपचाप
जब अपने ही आँगन में खड़ा होऊँंगा
तो डरता हूँ—
कि कहीं वहाँ से गुज़रने वाला कोई
यह न पूछ ले कि
कौन हो तुम? तुम्हें पहले तो कभी नहीं देखा।








