कितना कुछ था जो हम कर सकते थे
मसलन! पेड़ काटने के—
सरकारी अभियान के विरुद्ध
लगा सकते थे एक पौधा।
मज़दूरों के कान में यह कह सकते थे
कि तुम्हें जो यह मिल रहा है
तुम्हारे हक़ से बहुत कम है।
हम सांप्रदायिकता के विरुद्ध
एग्जिट कर सकते थे व्हाट्सएप ग्रुप
रोक सकते थे फ़ॉरवर्ड्स
साइबर सेल में दे सकते थे शिकायत।
हम स्त्रियों के लिए बना सकते थे
सुरक्षित सड़कें, सुरक्षित दफ़्तर
सुरक्षित बसें, मेट्रो, ट्राम और घर
ईरानी महिलाओं के समर्थन में लिख सकते थे पोस्ट
या फिर कम से कम
दहेज के लिए कर सकते थे इनकार।
हम हाकिम को एक पत्र लिख सकते थे
याद दिला सकते थे वायदे
रोज़गार कार्यालयों में अर्ज़ियाँ लगाते हुए
भेज सकते थे सेल्फ़ियाँ।
हम उन बच्चों को सिखा सकते थे वर्णमाला
जो स्कूल के दरवाज़े के बाहर
रोड़ी के ढेर पर खेलते हैं सारा दिन।
किंतु हमने ऐसा कुछ नहीं किया
हमने अपनी सोसाइटियों के तमाम रास्तों पर
लोहे के बड़े-बड़े गेट लगवाए
और लिखा : 'यह आम रास्ता नहीं है।'








