जीवन-गीत

अशोक कुमारअशोक कुमार

1 min read · 12.4K reads

इस जीवन-गीत में तुम

सुरों की थाह लेती हुई

ख़ूबसूरत आलाप की तरह आई।

एकाकी रास्तों की भूलभुलैया में

तुम्हारे क़दमों के निशान

दिशाओं के संकेत बने।

एकांत के नीरव अरण्य में

तुम्हारी यह मद्धम मुस्कान

आयुर्वेद में लिखी औषधि की तरह थी।

इस अनवरत यात्रा में

तुम्हारा यह ठहराव

मेरे दीर्घ विश्राम का कारण बना।

तुम्हारी हथेलियों के बीच है

सारे मौसमों की कुंजियाँ

तुम्हारे स्पर्श से बदल जाती हैं ऋतुएंँ।

तुम्हारे शामिल होने भर से

सुरम्य चित्र में ढल गया है

जीवन का यह म्लान कैनवास।

कितने उजले दिवस हैं ये

कितनी रंगीन हैं ये ऋतुएँ

और तुम्हारी उपस्थिति की निश्छल स्निग्धता में

कितने सरल हो गए हैं ये रास्ते।

अशोक कुमार
About the poet

अशोक कुमार

नई पीढ़ी के कवि। 'मेरे पास तुम हो' शीर्षक से एक कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like