तुम्हारी ही गली में तुम्हारे दीदार के बिना मर जाना

आसित आदित्यआसित आदित्य

1 min read · 12.4K reads

मैं रेत के जंगल में प्यास से मरा

हालाँकि वो मेरी आँखों में रहा समुंदर की तरह

ग्रहों-नक्षत्रों के लगाए कई चक्कर

परंतु कभी नहीं किया ग़ौर

कि वो वही था जो भीड़ में 'माफ़ करिएगा' कहते हुए

निकल गया था दो क़दम आगे मुझसे

जब कँटीले बबूल के पीछे छुप रहा था सूरज

तब मंदिर का गोल-गोल चक्कर काटते

बच्चे की फिरंगी नचाने में मसरूफ़ था वो

वो गेहूँ के बोझ ढोते किसानों के बीच रहा

रिक्शेवाले के बीड़ी जलाने और सुस्ताने में रहा

जैसा कि शब्दों के तानाशाह ने कहा था―

वो रहा मुझमें भी

तिल में तेल और चकमक में आग की तरह

वो सर्वव्याप्त रहा परंतु नहीं दिखा मुझे

खोजने पर चीज़ें अक्सर नहीं मिला करती हैं

पीछे भागने पर भला कहाँ हाथ आती है तितली?

आसित आदित्य
About the poet

आसित आदित्य

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 40 Poems / Stories