सुपुर्द-ए-ख़ाक

आसित आदित्यआसित आदित्य

1 min read · 12.4K reads

मेरा हृदय ज़हरीला गैस चैंबर है

हालात का हिटलर करा देता है बंद

उसमें सपनों को मेरे

मेरी आँखें दुःख के गंगा की गंगोत्री हैं,

मेरे गालों पर ज़मी है दुःख की काई

मेरा दिमाग़

मेरा कहना न मानता एक शैतान बच्चा है

मेरे बालों में आज तक अटके हैं

बचपन की आँधियों के झोंके

मेरी बाईं हथेली पर टिका है

एक लड़की के ख़्वाबों का ताजमहल,

दायाँ हाथ कटवा चुका है

प्रेम के नियम तय करने वाला तानाशाह

मेरी आत्मा वो खंडहर है

जिसमें चोरी-छिपे मिलने आते हैं प्रेमी-प्रेमिका

एक दिन हो जाता है सुपुर्द-ए-ख़ाक हर शै,

एक दिन हो जाएगा सुपुर्द-ए-ख़ाक

ये गैस चैंबर, ये शैतान बच्चा, ये ताजमहल, ये खंडहर

आसित आदित्य
About the poet

आसित आदित्य

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 40 Poems / Stories