दुनिया फूँक देने की योग्यता

आसित आदित्यआसित आदित्य

1 min read · 12.4K reads

हर यात्रा के दौरान

बस में खड़ी महिला को बिठाते रहे तुम सीट पर अपनी

परंतु बरसात की एक रात

तुम्हारी बहन-दोस्त-प्रेमिका का यदि किया गया बलात्कार

तो तुम इस दुनिया को फूँक देने के योग्य हो।

इस दुनिया को फूँक देने के योग्य हो तुम यदि

मर गया बीमार बेटा तुम्हारा

पर नहीं आया गोल्फ़ खेलने के लिए जाता डॉक्टर

या यदि तुम्हारे चार वर्ष के बच्चे को

नोंच खाया गया किसी सभ्य-सफल इंसान के पालतू कुत्तों द्वारा।

यदि तुम्हारे जंगल-पर्वत-माटी की छाती पर उग आई

अमीरी के प्याले में तुम्हारा ख़ून सुड़कती फ़ैक्ट्रियाँ

या केवल इसलिए जला दिया गया था बाबा को तुम्हारे

कि सुबह-सवेरे एक रोज़

उनके काले-गंदे कान में कर गए प्रवेश गीता के कुछ श्लोक

तो भी तुम इस दुनिया को फूँक देने के योग्य हो।

एक हाथ से पँखा झलता दूजे से ये कविता लिखता

मैं इस दुनिया को फूँक देने के योग्य हूँ―

पर अफ़सोस कि काँपती हैं उँगलियाँ मेरी

मेरे हाथों से माचिस नहीं जलती।

आसित आदित्य
About the poet

आसित आदित्य

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 40 Poems / Stories