हम―
कट जाने की अनंत आशंकाओं से घिरे
ऊँचे उड़ती पतंग हैं
वो जब तब ढील देता है
बड़े-बुज़ुर्ग कहते हैं वो हमारी परीक्षा लेता है
नदियाँ, समंदर, आसमान, पहाड़
उसके होने के गवाह हैं
अपना लंचबॉक्स भिखारी को खिलाती बच्ची का हृदय
उसका निवास-स्थल है
(कितनी बड़ी मूर्खता है कि पत्थर पूजते हैं हम!)
दुनिया―
ईश्वर की खिलौना गाड़ी है
जिसकी चाभी भरकर उसने अपने आँगन में छोड़ दिया है
ना गाड़ी रुकती है
ना ईश्वर का जी भरता है








