बुज़ुर्ग और रद्दी का ढेर
एक दूसरे को घूर रहे हैं
संवाद करते है एक दूसरे से
मैं तुमसे बेहतर हूँ
नहीं मैं बेहतर हूँ
बुज़ुर्ग कहता है
हम दोनों में ज़मीन-आसमान का अंतर है
मैं आसमान
तुम ज़मीन
रद्दी का ढेर अभी मौन है
पर शायद उन दोनों को नहीं पता
उनमें अगणित समानताएँ भी हैं
वक़्त के साथ दोनों के लिए
कोना सुरक्षित हो जाता है
वही रोज़ की उपेक्षा और अपमान
और संत्रास से सामना
दोनों को अक्सर ही लोग
अधूरी नज़रों
बोझिल मन से
तिरस्कृत भाव से देखकर
आगे बढ़ जाते हैं।
इतनी उपेक्षा के बाद भी
अहंकार में मशग़ूल
बुज़ुर्ग रद्दी से कहता है
तुम्हारी क्या औक़ात?
मेरे सामने
निर्जीव, बेजान!
फिर एक दिन अचानक
रद्दी वाला आता है
रद्दी का ढेर लेकर चला जाता है
बुज़ुर्ग ख़ामोश और संवादहीन हो जाता है
उसकी आँखें डबडबा जाती हैं
तब उसे एहसास होता है
रद्दी का ढेर मुझसे बेहतर है
उसका कोई तो है
कोने से छुटकारा दिलाने वाला।








