ज़रा सोचो - नज़्म

असना बद्रअसना बद्र26 Jan 1971

1 min read · 12.5K reads

फ़र्ज़ करो कि सारे जानवर बात भी करते हम से

उन के जो जी में आ जाता कह देते एक दम से

दरवाज़े पर कुत्ता कहता भूके हैं दो दिन के

कोई दवा भी दे दो देखो मक्खी ज़ख़्म पे भिनके

बावर्ची-ख़ाने में च्यूँटी शकर माँगती रहती

बस दो दाने बस दो दाने हर फेरे पर कहती

चिड़िया उड़ते फिरते खिड़की पर आवाज़ लगाती

बच्चों के कमरे में छुप कर दाल के दाने खाती

गए बैल सब्ज़ी के ठेले वालों से लड़ जाते

डंडे खा कर गालियाँ बकते दिल की आग बुझाते

बिल्ली दूध का प्याला पकड़े गोश्त माँगती रहती

दिन भर लेटी दादी जैसी अपनी बात ही कहती

बकरे की क़ुर्बानी पर कुछ बकरे मातम करते

मुर्ग़े भी इस मज्लिस में मुँह लटका कर ग़म करते

सास बहू के झगड़े की छिपकलियाँ शाहिद होतीं

शौहर की आमद पर सारा क़िस्सा वो ही रोतीं

ग़रज़ के सारी दुनिया में इक शोर सा बरपा रहता

चुप हो जाओ चुप हो जाओ सारा आलम कहता

असना बद्र
About the poet

असना बद्र

जन्म : 26 Jan 1971 | बरेली, उत्तर प्रदेश

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like