माँ बेटे के दरमियान एक मंज़ूम मुकालिमा
बेटा
बस बहुत पढ़ लिया कुछ भूल नहीं जाऊँगा
माँ मैं बस आज से स्कूल नहीं जाउँगा
माँ
मेरे बेटे मिरे मा'सूम से प्यारे बच्चे
रोज़ इक ताज़ा बहाना नहीं करते ऐसे
अच्छा मुझ को ये बताओ है परेशानी क्या
तुम को अच्छी नहीं लगती कोई उस्तानी क्या
कौन सी बात से झुँझलाए हुए रहते हो
यूँ जो स्कूल से उकताए हुए रहते हो
बेटा
यूँ तो बच्चों से है स्कूल का हर क्लास भरा
लेकिन इन में न कोई दोस्त मिरा यार मिरा
एक भी मेरी तवज्जोह नहीं हासिल करता
अपनी बातों में कोई भी नहीं शामिल करता
मैं ने देखा है चले जाते हैं सब देखते ही
मेरी मौजूदगी जैसे कि मुसीबत है कोई
सारे टीचर्स भी रहते हैं ब-हर-हाल ख़फ़ा
मैं किसी वक़्त उन्हें ख़ुश ही नहीं कर पाता
इक न इक बात पे करते हैं वो हर रोज़ जिरह
वहाँ कोई भी नहीं तेरी तरह मेरी तरह
माँ
मेरे बेटे तुम्हें स्कूल तो जाना होगा
जो ख़फ़ा हैं उन्हें हर रोज़ मनाना होगा
बेटा
माँ भला क्यों मैं ये रोज़ाना की तकरार सहूँ
क्यों भला रूठे हुए लोगों के हमराह रहूँ
माँ
सब को ख़ुश रखना किसी के लिए आसान नहीं
मैं समझती हूँ कि इस का कोई इम्कान नहीं
लेकिन स्कूल तो पाबंदी से जाओ बेटे
ज़िम्मेदारी जो मिली उस को निभाओ बेटे
क्यूँ-कि ता'लीम तुम्हारे लिए है कुछ और है अब
मेरे हर रोज़ जगाने का है कुछ और सबब
इक तरफ़ अपना ये उलझा दिल-ए-नाशाद रखो
तुम प्रिंसिपल हो ये इक बात सदा याद रखो








