दिल शिकवों से भरा हुआ है क्या लिख्खूँ मैं
मेरे पास अब यही बचा है क्या लिख्खूँ मैं
मैं ने उस दिन किस मुश्किल से फ़ोन किया था
तुम ने सुन कर कौन कहा है क्या लिख्खूँ मैं
मैं कैसे पहचान कराऊँ पहले जैसी
मेरा भी चेहरा बदला है क्या लिख्खूँ मैं
एक ये डर कि तुम ये रिश्ता तोड़ न डालो
एक ये ग़म कि टूट गया है क्या लिख्खूँ मैं
सोचा था वो लिखूँगी जो सब लिखते हैं
फिर जाने क्या क्या सोचा है क्या लिख्खूँ मैं
आँसू आँख किनारे आकर बैठ गए हैं
इन मेहमानों का ख़दशा है क्या लिख्खूँ मैं
मैं ने इस को ख़ाली प्यार मोहब्बत समझा
सब धोका है सब माया है क्या लिख्खूँ मैं
तुम लिखना तुम कैसे हो और सब कैसे हैं
ख़त लिखना तुम को आता है क्या लिख्खूँ मैं








