ख़्वाबों की दुनिया फिर से दिखला दो अम्माँ

असना बद्रअसना बद्र26 Jan 1971

1 min read · 12.4K reads

ख़्वाबों की दुनिया फिर से दिखला दो अम्माँ

सोने जागने वाली गुड़िया ला दो अम्माँ

मैं दुनिया की चालाकी को जान ना पाऊँ

मुझ को मेरा भोला-पन लौटा दो अम्माँ

हर चेहरे के पीछे इक चेहरा दिखता है

दिल की आँखों से ये भेद छुपा दो अम्माँ

दुनिया को ख़ुश करते करते थक जाती हूँ

होंटों पर सच्ची मुस्कान सजा दो अम्माँ

धूप उगे तो कोई फूल नहीं खिलता है

आँगन के इन पौदों को ये सुझा दो अम्माँ

जब तुम ने हम सब को इक ही लहू पिलाया

रंग बिरंगे क्यों हैं हम बतला दो अम्माँ

नींद कहाँ की ख़्वाबों से अब कैसा रिश्ता

ख़ाली लोरी दे कर ही बहला दो अम्माँ

आँखों के आईनों में धुँदला-पन क्यों है

भूले से ही दिल की बात बता दो अम्माँ

असना बद्र
About the poet

असना बद्र

जन्म : 26 Jan 1971 | बरेली, उत्तर प्रदेश

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like