ग़रीब बच्चे की दुआ - नज़्म

असना बद्रअसना बद्र26 Jan 1971

1 min read · 12.5K reads

अल्लाह मियाँ

पानी बरसा दो

तपती गर्मी दूर भगा दो

मैं इक मज़दूरन का बच्चा

भोला-भाला बिल्कुल सच्चा

कितना कम-कम माँग रहा हूँ

अच्छा मौसम माँग रहा हूँ

ऊँचे बंगले अच्छे खाने

मेरे घर चावल के दाने

एक घड़ा और एक चटाई

कुछ चमचे और एक कढ़ाई

सूखे लब और आँखें पानी

रुत भेजो तुम ख़ूब सुहानी

हम मौसम में खोने वाले

थोड़े से ख़ुश होने वाले

बिजली पंखा क्या जानें हम

बस इक तुम को पहचानें हम

अल्लाह मियाँ

बाँहें फैला दो

बस थोड़ा पानी बरसा दो

असना बद्र
About the poet

असना बद्र

जन्म : 26 Jan 1971 | बरेली, उत्तर प्रदेश

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like