मेरा जलपात्र टूट गया प्रभु
मिट्टी का जलपात्र
अपने ही जल के खारेपन से ध्वस्त
अपने ही रंध्रों के संताप से
मेरा जलपात्र
और अब दोनों अँजुरियों में लाया हूँ जल
स्वर्णरेखा की धारा से
खोलो कपाट प्रभु आने दो अंदर
खिरता जा रहा है जल अँजुरियों के पोरों से
टूटने दो सारे जलपात्र
रिसने दो जल
देखो उधर
भरा है बादलों से नभ
भरी है पूरी पृथ्वी जल से
यह पृथ्वी भी तो जलपात्र है प्रभु का
मैं भी तो तुम्हारा ही जलपात्र हूँ प्रभु
मेरी देह एक भाप
लो स्वीकार करो यह अर्घ्य
जलहीन
जल
यह शब्द—जल!
__________________
घाटशिला : विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय के घर पर,
रिल्के के प्रति आभार सहित








