धान रोपती औरतों का प्यार - अरुण चन्द्र रॉय

अरुण चन्द्र रॉयअरुण चन्द्र रॉय30 Sept 1972

5 min read · 12.4K reads

खेतों के बीच
घुटने भर कीच में
धान रोपती औरतों से पूछो
क्या होता है प्यार
मुस्कुराकर वे देखेंगी
आसमान में छाये बदरा की ओर
जो अभी बरसने वाला ही है
और प्रार्थना में
उठा देंगी हाथ

धान रोपती औरतों का प्यार
होता है अलग
क्योंकि होते हैं अलग
उनके सरोकार
उन्हें पता है
बरसेंगे जो बदरा
मोती बन जाएँगे
धान के गर्भ में समाकर
और मिटाएँगे भूख
उन्हें कतई फ़िक्र नहीं है
अपनी टूटी मड़ैया में
भीग जाने वाले
चूल्हे, लकड़ी और उपलों की
हाँ , उन्हें
फ़िक्र जरूर है
जो ना बरसे बदरा
सूख जाएँगी आशाएँ

जब प्रेमी की याद आती है उन्हें
ज़ोर-ज़ोर से गाती हैं
बारहमासा
और हंसती हैं बैठ
खेत की मेढ़ पर
गुंजित हो उठता है
आसमान
ताल-तलैया
इमली
खजूर
और पीपल
दूर ऊँघता बरगद भी
जाता है जाग
उनकी बेफ़िक्र हंसी से

फ़िक्र भरी आँखों
और बेफ़िक्र हंसी के
द्वन्द में जीता है
धान रोपती औरतों का प्यार
अरुण चन्द्र रॉय
About the poet

अरुण चन्द्र रॉय

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like