पीढ़ियों से सड़े हुए दाँत - अरुण चन्द्र रॉय

अरुण चन्द्र रॉयअरुण चन्द्र रॉय30 Sept 1972

7 min read · 12.4K reads

हुज़ूर
पीढ़ियों से
सड़े हुए हैं
हमारे दाँत

हमारे बाबा के
बाबा थे
बलेल
बुरबक कहे जाते थे
वे
सो
वे बलेल थे

ए़क साँस में
घंटो तक शहनाई
बजा लेते थे
लेकिन
कहते हैं
उनके भी दाँत
सड़े हुए थे

सड़ा हुआ दाँत
हुज़ूर
ख़राब कर देता
चेहरा
और
ठंडा-गरम
की कौन पूछे
रोटी-भात तक
खा नहीं सकते

पीढ़ियों तक
होता रहा
ऐसा ही
हमारे साथ

मेरे बाबा
थे मिश्री
नाम तो
मिश्री था
लेकिन
हुज़ूर
नसीब नहीं हुई थी
उन्हें
चीनी तक
और
बिना मीठा खाए
सड़ गए थे
उनके दाँत

कहते हैं
वो समय ही ऐसा था
जो
हमारी पीढ़ी में
किसी को
नहीं आई थी
अकल दाढ़

आप ही
बताइए
हुज़ूर
बिना अक्ल दाढ़ के
कैसे आएगी
अक्ल
सो नहीं आई
हमारी किसी पीढ़ी को
अकल
और
ना ही बंद हुआ
हमारी दाँतों का
सड़ना

हवेली वाले
कहते थे
हमारी देह से
आती है
बदबू
लेकिन
हुज़ूर देखते रहे
पीढ़ियों तक
हम
अपने पसीनों से
जगमगाती
हवेलियाँ
खेत-खलिहान
और
फिर भी
सड़े हुए थे
हमारे दाँत

दाँत को
बस दाँत मत
समझिएगा हुज़ूर
क्योंकि
सड़े हुए
दाँत के बहाने
विकृत किया जा चुका था
हमारी सोच
हमारी अस्मिता
हमारा स्व

हुज़ूर
आप ही बताइए
कब तक
रहेंगे हम
सड़े हुए
दाँतों के साथ

अब
जब हम
काट रहे हैं
आपको दाँत
हुज़ूर
तो क्यों
शोर मचा हुआ है
चारो ओर
अरुण चन्द्र रॉय
About the poet

अरुण चन्द्र रॉय

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like