हटिया से चलती है
झारखंड एक्सप्रेस
यह वही हटिया है जहाँ
आज़ादी के बाद रोपा गया था
अभियांत्रिकी का अनूठा बीज
जो फला-फूला और बाद में
उसकी शाखाएँ काट दी गईं
वैश्वीकरण के दबाव में
प्रतिस्पर्धा की बलि चढ़ गया
हटिया का भारी उद्योग
जिसे बनना था बरगद
जिसे बनना था पथ-प्रदर्शक
वह जूझ रहा है
अपने अस्तित्व के लिए
झारखंडियों की भाँति
सन्नाटा पसरा हुआ है
एचईसी, हटिया के प्रांगण में
जैसे पसरी होती है चुप्पी
झारखंड के उदास आँगनों में।








