झारखंड एक्सप्रेस-10

अरुण चंद्र रायअरुण चंद्र राय

1 min read · 12.4K reads

मुरी।

मुझे नहीं मालूम कि

इस नाम से आप परिचित हैं भी या नहीं

नहीं भी होंगे तो आप इसे ढूँढ़ सकते हैं

इंटरनेट की सहायता से

देश के भौगोलिक मानचित्र पर

जान सकते हैं

मुरी का इतिहास,

यहाँ के लोगों के बारे में

यहाँ की धरती के गर्भ में छुपे

अल्मुनियम के ख़ज़ाने के बारे में।

अब बिल्कुल ही अप्रासंगिक है कि

स्वतंत्रता के दशक पूर्व ही

यहाँ खड़ा हुआ था

एक अल्मुनियम कारख़ाना

जिसे आज़ादी के बाद

बड़ा होना था

विस्तार मिलना था

वह बीमार होता हुआ धीरे-धीरे

अंततः बिक गया

पूँजी के हाथों।

इतिहास को भुला

मुरी से चढ़ते हैं

राजधानी के लिए

कामवाली बाई

या फिर सड़क बनाने वाले मज़दूर

जिनके हाथों में है

अल्मुनियम का लचीलापन

और इस्पात-सी ताक़त।

अरुण चंद्र राय
About the poet

अरुण चंद्र राय

सुपरिचित कवि। 'खिड़की से समय' और 'झारखंड एक्सप्रेस' शीर्षक से दो कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 25 Poems / Stories