दुःख को
जो व्यक्त कर सकते हैं
शब्दों में
उन्हें दुःख के बारे में
मालूम नहीं कुछ
जो कहते हैं
थाम लो लहरों को
और समंदर को पी लो
वे नहीं उतरे हैं
खारे पानी में कभी
जिनको
मेरी बुशर्ट दिखती है
अधिक रंगीन
उन्हें मालूम नहीं
असंख्य चाबुक के निशान
ढूँढ़े जा सकते हैं
मेरी पीठ पर।








