संदर्भ - अरुण आदित्य

अरुण आदित्यअरुण आदित्य

6 min read · 12.4K reads

एक दिन सपने में
जब नानी के किस्सों में भ्रमण कर रहा था मैं
गंगा घाट की सीढिय़ों पर मिला एक दोना
चमक रहा था जिसमें एक सुनहरा बाल

मैं ढूंढ़ता हूं इसका संदर्भ

फिलहाल मेरे लिए इसका संदर्भ महज इतना
कि घाट की सीढिय़ों में अटका मिला है यह
पर सीढिय़ों के लिए इसका संदर्भ वे लहरें हैं
जिनके साथ बहता हिचकोले सहता आया है यह
और लहरों के लिए इसका संदर्भ
उन हाथों में रचा है, जिन्होंने रोमांच से कांपते हुए
पानी में उतारी होगी पत्तों की यह नाव

हाथों के लिए क्या है इसका संदर्भ
वह पेड़, जहां से तोड़े गए थे हरे-हरे पत्ते?

पर यह सब तो उस दोने का संदर्भ हुआ
असल तत्व यानी बाल का नहीं

बाल का हाल जानना है
तो उस पानी से पूछिए
जिसकी हलचल में छिपा है
उस सुमुखि का संदर्भ
जिसका अक्स अब भी
कांप रहा है जल की स्मृति में

दूसरे पक्ष को भी अगर देखें
तो इसका संदर्भ उस राजकुमार से भी है
जिसके लिए सुरसरि में तैराया गया है यह

पर अब तो इसका संदर्भ मुझसे भी है
जिसे मिला है यह
और यह मिलना संभव हुआ स्वप्न में
सो इसका एक संदर्भ मेरे सपने से भी है

इस तरह दूसरों की चर्चा करते हुए
अपने को
और अपने सपने को संदर्भ बना देना
कला है या विज्ञान?
अरुण आदित्य
About the poet

अरुण आदित्य

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like