कभी-कभी मैं उस वज्र की तरह लगना चाहता हूँ
जानना चाहता हूँ क्या कुछ चल रहा है उस मयूर
उस कुक्कुट की देह में इस ब्रह्म मुहूर्त में—
कभी-कभी मैं ताड़ का वो पेड़ होना चाहता हूँ
तब तो जानूँगा क्या मतलब इतनी दूर फल लटकाने का—
कभी-कभी यह भी इच्छा होती है कि
व्याघ्र या मार्जार बनूँ
कभी भुजंग कभी वक
कभी उल्लू यानी उलूक—
सारे पशु-पक्षियों वनस्पति में भटकता फिरूँ
वन वन जल थल नभ
चौरासी लाख योनियों में
और अंत में शव—
क्या सोच रहा होगा वह शव इस वक्त़ जब रात
के डेढ़ बज रहे हैं और सब सो रहे हैं शव-ग्रह में
लेकिन इस सबके लिए कितना बदलना पड़ेगा मुझे
कितना प्यार कितना अपनापा इन क्षुद्रतम जीवों
इस सृष्टि इस संपूर्ण बह्मांड से
और तब कितना होगा मेरा कुल योग बाबा गोरखनाथ
जब अन्न को भी भूख लगेगी पानी को प्यास
तब मेरा योगफल कितना होगा बाबा गोरखनाथ?
भिक्षा दो माँ! भिक्षा!








