गेंदा

अर्पिता राठौरअर्पिता राठौर13 Sept 1998

1 min read · 12.4K reads

तुमने

कभी गेंदे का फूल देखा है?

देखा है कि कैसे खिलता है

थोड़ा-थोड़ा…

एक दिन में नहीं लाकर रख देता है

अपने हफ़्तों के किए हुए श्रम को

मेहनत के एक-एक कण को

उभारता है

धीरे-धीरे।

इस बीच

गर तुम्हारे सब्र का बाँध टूट जाए

तो घूम आना कुछ देर

गुड़हल के पास

वह ज़्यादा इंतज़ार नहीं कराता।

जब तक तुम उसे

खिलता-मुरझाता देख आओगे

तब तक गेंदे का ये फूल

इंतज़ार करता रहेगा तुम्हारा

और यूँ ही खिलता रहेगा।

अर्पिता राठौर
About the poet

अर्पिता राठौर

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like