वो आदत है तो आदत से किनारे हो भी सकता है
मगर इस सारी कोशिश में ख़सारा हो भी सकता है
रहेंगे साथ फिर भी हम मोहब्बत मर गई क्या ग़म
कि मसनूई तनफ़्फ़ुस पर गुज़ारा हो भी सकता है
अगर आँखें न भर आएँ तो दिल मुट्ठी में आएगा
हुआ है हाल जो मेरा तुम्हारा हो भी सकता है
खुली आँखों में ठहरा ख़्वाब कैसे टूट सकता है
गुमाँ ये ज़िंदगी भर का सहारा हो भी सकता है
जो इतनी जगमगाहट देखते हो आस-पास अपने
ये मेरी आँख से टूटा सितारा हो भी सकता है
हमें हैरत से मत देखो अब ऐसा क्या किया हम ने
ज़मीनी इश्क़ है साहब दोबारा हो भी सकता है








