वो थल की रेत उड़ाता है
तो ज़र्रे होंटों पर चिपक जाते हैं
ज़बान ज़ाइक़े की कड़वाहट
थूकती रह जाती है
और वो
जो बंद होंटों के क़ुफ़्ल तोड़ना जानता है
छटी हिस मुक़फ़्फ़ल नहीं कर सकता
वो नहीं जानता
भिंचे होंटों से छुआ जाए
तो ज़बान ही नहीं
दिल भी कलाम करने से इंकार कर देता है
और वो भी
जो शब-ओ-रोज़ की चिमनियों से निकलता धुआँ देख कर
आग बुझाने लगता है
ख़द्द-ओ-ख़ाल को भस्म होते नहीं देख सकता
वो राख होते होंटों की भुर-भुराहट
महसूस नहीं कर सकता
और तुम
जो पानियों को छू कर
बे-कनार कर सकते हो
हवाओं की सरसराहट
क़ैद कर सकते हो पोरों में
उतार सकते हो रंगों की वही दिल पर
बन सकते हैं तुम्हारे होंट
ख़्वाब में भी
रेशमी सच








