अरमान - आरसी चौहान

आरसी चौहानआरसी चौहान

5 min read · 12.4K reads

आँख मुलमुलाते बदसूरत बच्चों के
खिलखिलाने से
जान सकते हैं
उनकी माँओं की
सारी अनिवर्चनीय घटनाएँ
जो पीठ पर बन्धी
गठरी में
पड़े रहते हैं
परिचय-पत्र की तरह

पहने रहतीं
पेवन सटी कनातें
भय
दहशत
पैदा कर
ज़बरदस्ती
रख दिया जाता
सिर पर गेरूड़ी-सा मुकुट
एक संस्कार के तहत

जिनका नहीं होता जिक्र
इतिहास के पन्नों में
किन्हीं रानियों या राजकुमारियों
की तरह
सीख लेती सजाना
कौड़ी के लिए
ईंटों को
गेरूड़ी पर

परतदार चट्टानों की तरह
तपती रहतीं
चिलचिलाती धूप में
गर्म तवे पर
तले हुए पापड़ की तरह
जो
सूरज सरकने के साथ ही
चली जातीं अपने गन्तव्य
रात की गोंद में

सोखते रहते
इनके प्रतिरोधी झँवाए भासुर चेहरे
पर्त दर पर्त गँदुनुमें स्याह रोशनाई को
बिखर जाते
इनके अरमान

उपल चिंदीयों और
झंझावात में आए
तूफानी झोंको से
उजड़े हुए छप्परों व
भिहिलाए दरख़्तों की तरह।
आरसी चौहान
About the poet

आरसी चौहान

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like