फ़िल्म के पोस्टर बनाता था
एक लड़का
मुंबई की सड़कों पर
सीढ़ियाँ लगाकर लेई से पोस्टर के चौकोर हिस्से
आपस में चिपकाया करता था
जैसे आकाश पर चाँद सितारे चिपका रहा हो
और फिर सबसे आँखें बचाकर
नीले कोरे समंदर पर बादल से उड़ते
घोड़ों की हिनहिनाहट लेप देता
गर्द उड़ाते हवा से बातें करते
शानदार अरबी घोड़े
और उनकी पीठ पर हिंदुस्तानी कहानियाँ चिपकी होतीं
कैनवास पर उभरते बदन के पेचोख़म को
उसके हाथ यूँ तराशते जैसे
ग़ुलाम अली की कोई ग़ज़ल चल रही हो
रूई की तरह सफ़ेद झक्क
अमिताभ कट वाले बाल
गोल चश्मा
कुरतेबाज़ बदन
कूचियों में उलझी लंबी उँगलियाँ
और ख़ाली खुले पैर
जाने क्या ज़िद थी
उसकी अम्मी बचपन में गुज़र गई थीं
वह जब भी आकाश से उतरता
भागती गोल धरती को कैनवास-सा बिछा देता
और देर तक
गोल-गोल रेखाएँ खींचता
और इन सबसे ऊब जाता
तो भीमसेन की आवाज़ पर रंगों का डब्बा उड़ेल देता
कहते हैं एक दिन किसी ने उसकी कूचियाँ चुरा लीं
और रंगों का वह रूठा बादशाह
अपने ही अरबी घोड़े पर बैठकर कहीं दूर चला गया
भला कोई किसी से उसकी माँ दो बार कैसे छीन सकता है
लेकिन उसके साथ ऐसा ही हुआ
अब वह भी दूर तक बिछे रेत में
गोल-गोल आकृतियाँ बनाता है
उन गोलाइयों के बीच मादरे-हिंद की याद में
बिलखता प्यासे रेगिस्तान के होंठ
अपने आँसुओं से तर करता है
मक़बूल फ़िदा हुसैन
वह शख़्स जिसने हिंदुस्तान का नाम
पूरी दुनिया में मक़बूल किया
हिंदुस्तानी उसे सिवा नफ़रतों के कुछ नहीं दे पाए








