अभी-अभी खेत से सब्ज़ियाँ तोड़कर लौटा ही था कि
अँग्रेज़ी भाषा के मैनुअल के साथ
एक बंदूक़ थमा दी गई
और कहा गया कि
तुम्हें देश के लिए लड़ना है
अभी तक उसे देश का पेट भरना था
अब लड़ना है
उसे अँग्रेज़ी नहीं आती यूक्रेनियन आती है
वह एक जगह बैठ गया
काफ़ी देर तक बंदूक़ को उलट-पलटकर देखता रहा
उसने देखा कि
बंदूक़ से
कभी भी आप खेत नहीं जोत सकते
उसकी गर्भवती पत्नी दरवाज़ा थामे उसे दूर से देखती रही
कुछ देर तक उसने बंदूक़ को
अपने हाथों में उठाया
और उसके वजन का अंदाज़ा लगाना चाहा
फिर सीधा खड़ा हो गया
उसने बंदूक़ को एक तरफ़ रख दिया
फिर कुल्हाड़ी उठाई
उसके हाथ कुल्हाड़ी को जानते थे
कुल्हाड़ी उसकी भाषा समझती थी
वह अपनी गर्भवती पत्नी के पास पहुँचा
उसने उसे गले लगाया और कहा
मेरे बच्चे को बताना कि उसके पिता ने
बंदूक़वालों पर कुल्हाड़ी चलाई थी
जहाँ मेरी लाश गिरे वहाँ एक चेरी का पेड़ लगा देना








