कोरोना हो गया है

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.4K reads

संसार की सबसे सुंदर स्त्री को कोरोना हो गया है

भारतीय हिंदी सिनेमा के महानायक को कोरोना हो गया है

सबसे सुंदर स्त्री के पति और बेटी को भी कोरोना हो गया है

कैमरे का मुँह

भारत चीन के बॉर्डर से

लीलावती हॉस्पिटल की तरफ़ घूम जाता है

तय होता है कि

कोरोना के सबसे कम लक्षणों के साथ वह सुंदर स्त्री

हॉस्पिटल जाएगी या नहीं

इस पर प्राइम टाइम डिबेट होगा

ख़बर आती है

महानायक का पेट

डाबर के प्रोडक्ट को इस्तेमाल करने के बाद अब एकदम साफ़ है

अभी-अभी वह बाथरूम से बाहर निकलकर

हर हिंदुस्तानी के घरों में चर्चा का विषय बने बैठे हैं

जो ख़बर नहीं आ पाई

वो ये कि

देश के लिए लड़ता हुआ कवि

अंडा सेल में

देशद्रोह के आरोप के साथ

अपने ही पेशाब से लथपथ

गंभीर लक्षणों के साथ

कोरोना पॉज़िटिव

और गुमनाम है

सही बताओ भारत के लोगों

कोरोना से भी ज़्यादा

क्या

तुम राजा से डरते हो?

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like