गिद्ध कलरव

अणुशक्ति सिंहअणुशक्ति सिंह

1 min read · 12.4K reads

निविड़ अँधेरा है।

दरवाज़ा बंद है।

डर अभी आ-जा रहा है।

भरोसे की बलि लेकर,

प्रेम आख़िरी साँसें गिन रहा है।

शोक संक्रामक हो गया है।

शोक के कुछ विषाणु

कल विश्वविद्यालय में आ गए थे

बच्चों के लहू में घुसकर

आज वे शहर भर में फैल गए हैं।

मैंने महामारी से बचने की ख़ातिर

प्रेम का वैक्सीन लगवाया था

जिसके अवयव में मौजूद था

भरोसे का प्रतिरोधी

अभी-अभी मालूम हुआ,

अनुभवहीन कंपाउंडर ने सीरिंज में चढ़ा ली थी

दवाई की ज़रूरत से अधिक मात्रा

भरोसे का अतिरिक्त एंटीबायोटिक

जला रहा था देह को अंदर से

शोक पूरी तैयारी के साथ आया था

प्रेम और यक़ीन मुँह ताक़ते रह गए थे

शहर जल चुका था

गिद्ध कलरव कर रहे थे...

अँधेरे बंद कमरे में मुझे

गिद्धों से डर लग रहा था।

अणुशक्ति सिंह
About the poet

अणुशक्ति सिंह

नई पीढ़ी की लेखिका। पत्रकारिता से भी संबद्ध। दो उपन्यास प्रकाशित। जन्म : 19/08/1985 | सहरसा, बिहार दिल्ली में रहने वाली लेखिका अणु शक्ति सिंह मूलतः बिहार के सहरसा ज़िले की रहने वाली हैं। एक्टिव फेमिनिस्ट राइट्स एक्टिविस्ट अणु शक्ति सिंह के अब तक दो उपन्यास ‘शर…

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like