मुझे पसंद हैं

अणुशक्ति सिंहअणुशक्ति सिंह

1 min read · 12.4K reads

मुझे पतित पुरुष पसंद हैं

बिचारे 'कापुरुष' जो

दिख जाते हैं

लार टपकाते

नज़र आते हैं मुँह बाए

जिनकी आँखें टिकी होती हैं

स्त्रियों के स्तनों और नितंबों पर

जिनके चेहरे पर लिखी होती है ‘पतितता'

जिनके व्यवहार में होती है आवारगी...

जिनकी रसीली भद्दी टिप्पणियों पर लोग भेजते हैं लानतें

बहुत भले लगते हैं मुझे वे पतित पुरुष

क्योंकि वे कम से कम झूठ नहीं बोलते

पतितता के साथ लिखा होता है ‘सच'

उनके माथे पर

स्त्रियाँ उनसे घृणा करती हैं,

दूर रहती हैं...

झूठा नहीं कहती हैं।

मुझे बेहतर लगते हैं ये पतित पुरुष

उन भले-मानवों से

जो अक्सर नज़रें नीची कर चलते हैं

अच्छी और प्यारी बातें करते हैं

पतित पुरुषों को सरे-आम गलियाते हैं,

भरोसे की खेती करते हैं...

और मौक़ा मिलते ही

थोड़ा-सा बहक जाते हैं।

भर-भर मुँह आई लार गटक जाते हैं।

यक़ीन की पीठ पर वार करते जाते हैं।

सच बोलते-बोलते जाने कब झूठ बोलने लग जाते हैं

मुझे पतित पुरुष भले लगते हैं

वे सच का दिखावा तो नहीं करते हैं।

अणुशक्ति सिंह
About the poet

अणुशक्ति सिंह

नई पीढ़ी की लेखिका। पत्रकारिता से भी संबद्ध। दो उपन्यास प्रकाशित। जन्म : 19/08/1985 | सहरसा, बिहार दिल्ली में रहने वाली लेखिका अणु शक्ति सिंह मूलतः बिहार के सहरसा ज़िले की रहने वाली हैं। एक्टिव फेमिनिस्ट राइट्स एक्टिविस्ट अणु शक्ति सिंह के अब तक दो उपन्यास ‘शर…

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like