सिल्क की साड़ी सास के लिए
ननद रानी खोइन्छा खोलेंगी
कि मिले बहुरिया के मायके से मिला नेग
पिटारे में सहेज कर रखे जा रहे थे
अदौड़ी, पापड़ और कतरनी चावल
पच्चीस सालों से देखा जा रहा स्वप्न
सच के धरातल पर उतर रहा था...
पिता ने कितनी जागी रातों की मेहनत
बना कर डाल दी थी समिधा
ब्याह वेदी के हवन में
बाबुल की दुआएँ लेती जा,
जा तुझको सुखी संसार मिले...
माँ और पिता का साझा स्वप्न
जिसकी नींव पर बने महल को
वस्तुतः टिके रहना था
कम से कम अगले पचास सालों तक
यह किसी को ज्ञात नहीं था
जब यह स्वप्न महल ध्वस्त होगा
छनककर टूटेंगे आशाओं के मेहराब और कंगूरे
नींव की ईंटें कमज़ोर हो चुकी होंगी
अपने ही आँसुओं से...
नींव जब अपनी जगह छोड़ते हैं,
ज़मीन भूल जाती है,
उस ज़ख़्म को भरना...
इस उम्मीद में कि
वक़्त के झंझावात भर देंगे
भर ही देंगे हर खाई
अछूता रहा घाव,
छोड़ता है गहरे निशान
ऐसे जैसे जिस्म के इक हिस्से से
तराश लिया गया हो
माँस का कोई टुकड़ा...
हर टूटा हुआ रिश्ता भी
हृदय पर छोड़ता है ऐसे ही घाव
कि दिल में अचानक हुआ कोई सुराख़ हो
और स्पंदन की गति न्यून होती जा रही हो...








