जीवित रहना बनाम लगभग जीवित रहना

अनुराग अनंतअनुराग अनंत9 Jul 1989

1 min read · 12.4K reads

आत्मा सिर्फ़ एक शब्द भर बची है

अब उसके आँगन में नहीं लगती कोई अदालत

जीवित हैं जो वे जीवित रहने का अभिनय कर रहे हैं

विद्रोहियों को भी समर्पण का संक्रमण लग चुका है

आईने से सामने जाने से अब कोई नहीं डरता

आइने ख़रीदे जा चुके हैं

अब वे न्यायाधीशों की तरह सुंदरता के वकील बन गए हैं

कुरूपता को अब कुरूपता नहीं कहता कोई

कुरूपता के लिए 'लगभग सुंदर' शब्द गढ़ लिया गया है

देश में लोकतंत्र लगभग लोकतंत्र में बदल चुका है

हम स्वतंत्र नहीं बल्कि लगभग स्वतंत्र हैं

मर जाने से बेहतर नहीं होता लगभग मर जाना

जीवित रहने का विकल्प लगभग जीवित रहना कभी नहीं हो सकता।

अनुराग अनंत
About the poet

अनुराग अनंत

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी जुड़ाव। मूल नाम : अनुराग अनंत जन्म : 09/07/1989 | इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like