एक लगभग की पीड़ा दूसरा लगभग ही समझ सकता है
एक लगभग हारे हुए व्यक्ति को दूसरा लगभग हारा हुआ व्यक्ति जब देखता है तो
आइने में लगभग हारने का प्रतिबिंब उभर आता है
एक लगभग टूटे हुए व्यक्ति को जब दूसरा लगभग टूटा हुआ व्यक्ति छूता है तो
लगभग टूटा हुआ
लगभग जुड़े हुए में बदल जाता है
एक लगभग प्यासा आदमी दूसरे लगभग प्यासे आदमी के लिए लगभग नदी होता है
एक लगभग विस्थापित दूसरे लगभग विस्थापित में पाता है शरण
लगभग भुला दिए गए लोग ही याद रखते हैं लगभग भुला दिए गए लोगों को
लगभग भटक चुके लोग ही गंतव्य तक पहुँचाते हैं लगभग भटक चुके लोगों को
लगभग बेसहारा ही सहारा देता है दूसरे लगभग बेसहारा को
लगभग उपेक्षितों से ही अपेक्षा है फिसलती हुई दुनिया को थाम लेंगे वे








