उसके बिना

अनुराधा सिंहअनुराधा सिंह1 Aug 1971

1 min read · 12.4K reads

अब और लड़ा नहीं जाता मुझसे तुमसे

अब और गुरेज़ नहीं मुझे तुम्हारी बेसिर पैर की बातों से

मैंने कल ही जाना है कि हमेशा नहीं रहोगी मेरे साथ

सबकी माँएँ मर जाती हैं एक दिन

बेतरतीब हो गई हैं तुम्हारी माँसपेशियाँ

और याददाश्त

शायद हड्डियाँ घिसने से कुछ और छोटी हो गई हो

बाल भी कहीं हल्के कहीं थोड़े कम हल्के हैं

साँस लेती हो

तो दूर बैठी भी सुन लेती हूँ घरघराहट

फिर भी जब जाओगी

तब मैं

रेशा रेशा बिखर जाऊँगी

तुम्हारे बिना

रात भर मैं तुम्हारे छोटे छोटे भरे होंठों

के गीले चुंबन चिपकाती रही

अपनी हथेली से माथे और गालों पर

जो पोंछ कर रख दिए थे मैंने

झुँझला कर एक दिन हड़बड़ी में

मुझे हमेशा खला कि

तुम और माँओं जैसी नहीं थीं

साधारण और शांत

तो क्यों तुम माँ ही निकलीं

सब माँओं सी

जानती थी कि

माँ का मरना बहुत बुरा होता है

शायद दुनिया में सबसे बुरा

नहीं जानती थी

कि यह अपनी देह से बिछड़ना था

मैं कितना अधिक जानती हूँ

इस दुनिया को तुम्हारे बनिस्बत

तुम कितना कम जानती हो इन दिनों

रास्ते नहीं मालूम ज़्यादा कहीं के

कितना डरती हो हर बात से आज कल

मरने से भी

फिर भी दूसरी दुनिया की देहरी पर तुम्हें

अकेला भेज दूँगी मैं

बिलकुल अकेला

रुग्ण दुर्बल और भ्रांत।

अनुराधा सिंह
About the poet

अनुराधा सिंह

इस सदी में सामने आईं कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अनुराधा सिंह जन्म : 01/08/1971 | ओबरा, उत्तर प्रदेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहवासी अनुराधा सिंह का युवा-कविता और स्त्री-कविता में पिछले कुछ वर्षों में तेज़ उभार हुआ है। उन्होंने म…

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like