मटर की बंद फली
उस एक तिहाई इंच के हरे कीड़े की
पूरी दुनिया है
पाँच दाने हैं
अकूत संपदा जीवन के लिए
दस रुपए पाव, तुम्हारे और दुकानदार के
बीच का विनिमय है
मटर के कीड़े का अनुबंध तो ईश्वर से है
जिसने दाने के गर्भ में
आरोपित किया है उसे
तुम्हारे फली खोलते ही
उसे मजबूरन शामिल होना पड़ा है
तुम्हारे विपणन संसार में
वरना फली में
वह अपनी दुनिया का बाहक़ बाशिंदा था
उसकी औक़ात एक कीड़े से कहीं ज़्यादा थी।








