शिव-तत्त्व

अनुजीत इक़बालअनुजीत इक़बाल

1 min read · 12.4K reads

त्याग कर जगत का उत्क्रोश

अग्रसर उत्क्रांति की ओर

उच्चारण करके ओंकार का

आऊँगी कैलाश की ओर

टाँके उन्मूलित करके

ब्रह्मांड के

बीनूँगी अपना पटवस्त्र।

तुम्हारे शीश से लेकर

उज्ज्वल अर्द्धचंद्र

अलंकृत करूँगी

सघन केशपाश।

निज कलेवर पर

अंगीकृत करूँगी

भस्मावशेष श्मशान।

भुजंग से लेकर

विषाक्त कालकूट

करूँगी विषपान,

यूँ संपूर्ण होगा

मेरा दिव्य शृंगार।

तुम्हारे डमरू पर

करके आघात

रहूँगी लास्य में रत

लहराएगी तुम्हारी

नीलवर्ण देह

मेरे अनहद नाद पर।

देखोगे हे विश्वनाथ

मुझे तुम आकुलता से

जब मैं दिखाऊँगी तुमको

तुम्हारी ही भंगिमा

दिव्य संचालन से

बन जाऊँगी अंततः

दिव्यांगना।

अवलोकन करूँगी

हर उस

महाविद्या का

इंगित करेंगी जिनकी ओर

तुम्हारी उँगलियाँ

और फिर

निर्हरण करके

अपने तन का

शिव-तत्त्व से मिलाऊँगी

मैं शिव बन जाऊँगी।

अनुजीत इक़बाल
About the poet

अनुजीत इक़बाल

सुपरिचित कवयित्री। अँग्रेज़ी में चार पुस्तकें प्रकाशित। मूल नाम : अनुजीत इक़बाल

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like