नागपुरी ऑडियो गीत सुनते हुए
शंख नदी से उठती हुई
मैं तुम्हारी धड़कनें सुनता था
तब राउरकेला मेरे लिए अप्रतिम कल्पनाओं का शहर था
मुझे लगता था उड़हुल के फूल यहीं खिलते हैं
और लोग यहीं तक पहुँचने के लिए दुनिया की सैर करते हैं
अब भी शंख नदी को मुड़-मुड़ कर देखता हूँ
अब भी लगता है किसी घाट पर
कपड़ा पछीटते हुए तुम दिख जाओगी
अब भी सोचता हूँ वहाँ उड़हुल के फूल ज़रूर खिलते होंगे
रह-रहकर ज़ेहन में गूँजता है
‘ट्राइबल प्रोडक्शन’ का वही गीत
जिसे कुछ बूढ़े सुनना नहीं पसंद करते
जिसे वे भ्रष्ट गीत कहते हैं
मैं रह-रह कर गुनगुनाता हूँ—
‘राउरकेला आली दिल चुराय लेले क़सम से’
शंख नदी से गुज़रते हुए मुझे अब भी लगता है
प्रेम के कुछ शब्दों के साथ
धरती में कहीं भी राउरकेला हो सकता है
कहीं भी हो सकता है उड़हुल के सिंदूरी फूलों का शहर
कि नदी से बिछुड़े हुए लोगों
एक बार को उससे मिलने दिया जाए।








