एक स्त्री को जो भी मिला
सिखाना चाहा उसे उसने
सब कुछ शुरू से
परिचय कराना चाहा
नई भाषा, चाल-ढाल
शौक़ और संगत से
दिखाना चाहा दुनिया को
देखने-समझने के ख़ुद के ही
एहतियात किए हुए अपने नज़रिए से
जिस पर रहा उसे सबसे ज़्यादा भरोसा
मतलब औरत की सीखी हुई
सारी भाषा चाल-ढाल कटघरे में
गुहार लगते लगाते वहीं दम तोड़ते रही
और वह हर बार गढ़ता रह उसे
अपनी रुचि के अनुरूप
तमाम कोशिशों के बावजूद भी
एक औरत को उसके औरतपन से
परे देखा नहीं गया
बार-बार मीलों सफ़र के बाद भी
एक औरत का उसी धुरी पर लौटना
थकाता रहा उसे बेहिसाब
फिर भी औरतों ने चलना चुना
और ताज्जुब है कि तुम्हारे
अपने ही कुंठाओं की वजह से
तुम्हें आज भी चलती हुई औरत
भागती हुई दिखाई दे रही है
क्योंकि तुमने कभी अपने से परे
उसे टटोलना तक जायज़ नहीं समझा
फिर तुम उसे कैसे देख पाओगे?








