दुःख की खेती की जा रही है
उसमें बीज बोए जा रहे हैं
पैर गीली ज़मीन में
बार-बार धँस रहे हैं
बार-बार पैरों को
उठा कर
सँभाल कर
पैरों को टिकाने की लगातार
कोशिश की जा रही है
फिर भी पैर बार-बार
फिसल जा रहे हैं
इस बार खेती एक
औरत कर रही है
उसके पैर पहले से फटे हैं
जिससे ज़मीन
अब लाल हो रही है
औरत पहली बार
खेती कर रही है
इसलिए वह दुःख से
टकरा रही है
उसे पता है खोने के लिए
कुछ नहीं है
सिवाय पैरों के
इसलिए पैरों को
सँभाल-सँभालकर रखने की
कोशिश कर रही है








