ऑटो चालक

अंकिता रासुरीअंकिता रासुरी

1 min read · 12.4K reads

रात के अँधेरे में

जब भी कभी ऑटो में बैठकर जाना होता स्टेशन

या कहीं और

हर बार अँधेरे कोनों में

कई घटनाएँ दिमाग़ में घूमने लगती हैं

दिल्ली, वर्धा, कलकत्ता, राँची जैसे तमाम शहरों में

कोई सुनसान जगह दिख जाने पर

ऑटो वाले को पूछ ही लेती हूँ—

भैया कहाँ ले जा रहे हो?

जैसे कि सारे अपराध इन्हीं के हिस्से हों

हम हर रोज़ शक करते हैं

और ये लोग सुनते हैं शक भरी आवाज़ों को

किसी गहरे संताप के साथ

और मैं हूँ कि हर बार सुरक्षित लौटती रही हूँ

इन बेहद असुरक्षित लगने वाले लोगों के बीच से

अंकिता रासुरी
About the poet

अंकिता रासुरी

नई पीढ़ी की सुपरिचित कवयित्री।

View profile & all 7 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like