पूश्किन-सा

अंकिता रासुरीअंकिता रासुरी

1 min read · 12.4K reads

तुम्हारी आँखों को देखा

तुम्हारे चेहरे को छुआ

और सीने से अपनापन पाया

पहली बार किसी को पाने जैसा कुछ नहीं

बस उसके बारे में सुनने जैसा ही

अभी ठीक अड़तालीस घंटे बाद भी

तुम्हें ठीक उसी तरह याद कर रही हूँ

तुम्हें सोच रही हूँ

एक बार फिर से तुम्हारी भिंची मुट्ठियाँ याद आ रही हैं

मैं महसूस कर रही हूँ

पिछले अड़तालीस घंटों में हुआ प्रेम

ज़िंदगी को बहुत कुछ देने लगा है

पर तुम जवाब क्यों नहीं देते

बिल्कुल सच बताना

एक दिन और चंद घंटे साथ गुज़ारने के बाद

अब मैं क्या रह गई हूँ तुम्हारे लिए?

और अब मैं जल रही हूँ

हालाँकि यह अकेले की तुम्हारी आग नहीं

तुमने बस ख़ुद को जोड़कर उसे और तेज़ कर दिया है

तुम्हारी पूश्किन-सी बढ़ी हुई दाढ़ी ख़ूब याद आ रही है

सच में लगने लगा है—तुम्हें प्रेम किया जा सकता है

मैं बार-बार तुम्हारी हथेलियाँ चूम लेना चाहती हूँ

कस कर लगा लूँ गले तुम्हें एक बार फिर

और बंद कमरे में देखूँ तुम्हें शराब का एक और पैग पीते हुए

सोच रही हूँ

एक मर्द-देह हमेशा मर्दवादी नहीं होती

उसमें हो सकता है ढेर सारा सम्मान

हालाँकि यह प्रेम होना अड़तालीस या बहत्तर घंटे होने भर का भी हो सकता है

और एक लंबे समय तक भी जिए जा सकते हो तुम

अंकिता रासुरी
About the poet

अंकिता रासुरी

नई पीढ़ी की सुपरिचित कवयित्री।

View profile & all 7 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like