मौत की ख़बरें या ख़बरों की मौत
चीख़ती दुनिया में मैं बस खीझ भर जाती
दिमागी बुख़ार से मौत की बढ़ती संख्या
ख़बर अपडेट करना भर है
कोई घटना छोटी
कोई घटना बड़ी नहीं
वह सिर्फ़ ख़बर है
बड़ी ख़बर या छोटी ख़बर
कट, बाइट, हेडिंग…
मैं डेस्क के एक हिस्से में
बिहार के दुख को तो तब भी कर लेती हूँ महसूस
नाक पकड़कर किसी तरह से रोक लेती हूँ भावुकता
लेकिन कश्मीर में सरकारी क़ैद में जीते लोग
बस्तर में मारे जा रहे आदिवासी
चीन में बेची जा रही पाकिस्तानी बेटियाँ
सूडान में सैनिक हमले में मरते लोग
सऊदी अरब, अमेरिका, जाने कहाँ-कहाँ
मेरे लिए सिर्फ़ गोलीबारी या मुठभेड़ में मरे लोग हैं
खटाक-सा एक शब्द लगाना है
मुठभेड़, हमला, गोलीबारी, मौत, शहीद, ढेर…








