बचपन से एक स्वप्न सालता है मुझे
मैं दौड़ता रहता हूँ स्वप्न में अनवरत
कभी लगाता हूँ इतनी लंबी छलाँग
कि पार हो जाती हैं एक साथ चार गलियाँ
नामालूम कहाँ और किससे भागता हूँ मैं
मैंने हर संघर्ष का सामना शिवालिक की तरह किया है
लेकिन यह एक स्वप्न बना देना चाहता है मुझे अरावली
जहाँ मैं ख़ुद को बचाने का हर संभव प्रयास करता हूँ
मेरे पीछे दौड़ती रहती है पुलिस और कुछ बिना वर्दी के बंदूक़धारी
जबकि निजी जीवन में मैंने
दाल के डिब्बे में छिपाए पाँच रुपए के सिवाय
कभी कुछ नहीं चुराया
कभी दग़ा नहीं किया
ग़लतियाँ कीं तो हाथ जोड़े कई बार
पर कभी किसी पर हाथ नहीं उठाया
फिर भी दौड़ते हैं कुछ बौखलाए लोग लाठी लिए मेरे पीछे
मैं हर अगली छलाँग पिछली से लंबी लगाता हूँ
साँस भरता हूँ
कि वे लोग फिर आ जाते हैं मुझे ढूँढ़ते-पूछते
यह सिलसिला
चलता रहता है सिहर कर मेरे जागने तक
हम अक्सर जिन सपनों दुःस्वप्नों से पीछा छुड़ाना चाहते हैं
वे उतनी ही ज़ोर से आँखों के दरवाज़े खटखटाते रहते हैं
जीवन की आपाधापी में कितनी छलाँगें लगाते हैं हम
कभी चिकने पत्थरों की तरह साथ बहते हैं नदी के
तो कभी शिवालिक से बड़ा करके अपना क़द
हो जाते हैं पीर-पांजाल
पर कुछ होती हैं ऐसी बातें, ऐसी घटनाएँ, ऐसे सपने
जो समझ से परे होते हैं,
सालते रहते हैं उम्र भर,
करते रहते हैं पीछा।








