बायाँ कांधा, तुम और चश्मे का फ़्रेम

अंजुम शर्माअंजुम शर्मा28 Aug 1989

1 min read · 12.4K reads

 

याद है सर्दियों की सुबह
जब धुँध से आँख मिलाकर
तुमसे मिलने आया करता था मैं
और तुम उनींदी आँखों से मेट्रो की सीढ़ियों पर
बाट जोहा करती थीं मेरी
अपनी ठंडे हाथ तुम्हारी गर्म हथेलियों में रखकर
दुहराता था केदारनाथ सिंह की कविता :

उसका हाथ
अपने हाथ में लेते हुए मैंने सोचा
दुनिया को
हाथ की तरह गर्म और सुंदर होना चाहिए

तुम लजाकर झटक देती थीं मेरा हाथ
और मेरे चश्मे के दोनों लेंस पर
कन्नी उँगली से लिख देती थीं अपने नाम के दो अक्षर
तुम्हें शिकायत रहती थी
कि मेरे चश्मे का फ़्रेम छोटा है बहुत
कि उसके लेंस पर नहीं आता हम दोनों का नाम
और इतना कहकर किसी पौधे की तरह
झुक जाता था तुम्हारा सिर मेरे बाएँ कांधे पर

एक रोज़,
जब टूट गई थी मेरी कोल्हापुरी
तब उतार दी थी तुमने भी अपनी चप्पल
और उड़ने लगी थीं मेरे साथ हरी दूब पर
उस रोज़ आख़िरी बार घास इतनी अधिक सब्ज़ हुई थी
और तुम इतनी अधिक गुलाबी
उस रोज़ आख़िरी बार दिल्ली में इंद्रधनुष अपनी पूरी रंगत में निकला था
और आख़िरी बार मैंने बादलों पर घोड़े दौड़ाए थे
तुम्हारी यादों की नदी में,
मैं रोज़
डूबता हूँ
और रोज़ तलाशता हूँ किनारा
मेरे चश्मे का फ़्रेम अब कुछ बड़ा हो गया है
लेकिन तुम्हारी उँगलियाँ इतनी दूर
कि मेरी दूर की नज़र को भी वे नज़र नहीं आतीं
कोल्हापुरी अब टूटती नहीं है
और धुँध के साथ चलना सीख लिया है मैंने
बस्स! हाथ ठंडे रहते हैं
और बायाँ कांधा…
बायाँ कांधा बहुत दुखता है सर्दियों में।

अंजुम शर्मा
About the poet

अंजुम शर्मा

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी संबद्ध। मूल नाम : अंजुम शर्मा जन्म : 28/08/1989 | अलीगढ़, उत्तर प्रदेश

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like