जिस रोज़ अकेला होता है आदमी

अंजुम शर्माअंजुम शर्मा28 Aug 1989

1 min read · 12.4K reads

जिस रोज़ अकेला होता है आदमी

तो वह अकेला नहीं नितांत अकेला होता है

अकेले में अकेला

भीड़ में और अधिक अकेला

जिस रोज़ होता है आदमी सबसे ज़्यादा अकेला

उस रोज़ कोई दरवाज़े के कान नहीं उमेठता

न ही फोन घनघनाता है पल भर

उस रोज़ संदेशों की आँख लग जाती है

मौन का गला नहीं खुलता

और शून्य

अपने ही शून्य में धँसता चला जाता है

जिस रोज़ होता है आदमी स…ब…से ज़्यादा अकेला

उस रोज़ कोई बच्चा गली में खेलता नहीं दिखता

माँएँ धूप में बैठकर

बच्चों के बालों से जुएँ नहीं निकालती

पड़ोस से किलकारी कानों में नहीं पड़ती

और न ही किसी की रसोई में गिलास

हाथ से छूट कर गिरता है

अकेले में सबसे ज़्यादा अकेलापन पसर जाता है उस वक़्त

जब अचानक ठीक हो जाती है

दरवाज़े के चर्राने की आवाज़

दीवार अंतिम रंगीन पपड़ी झाड़ते हुए सफ़ेद हो जाती है

चीटियाँ अपने बिलों से निकलना भूल जाती हैं

और घड़ी की टिकटिक भी शांत हो जाती है एकाएक

इससे ज़्यादा अकेला क्या होगा आदमी

कि सबसे अधिक क़रीब पाने वाले को

ठीक… उसी रोज़

सबसे अधिक व्यस्त पाता है वह

संबंधों की शाख पर टाँका गया एक एक फूल

झरने लगता है उस रोज़

अकेला आदमी सूखी शाख पर सूखा चेहरा लिए

पैर हिलाता रहता है देर तक

और उसकी आँखें निकल जाती हैं ऐसे जंगल को देखने

जहाँ देखने को… जंगल तक नहीं बचता।

अंजुम शर्मा
About the poet

अंजुम शर्मा

नई पीढ़ी के कवि। पत्रकारिता से भी संबद्ध। मूल नाम : अंजुम शर्मा जन्म : 28/08/1989 | अलीगढ़, उत्तर प्रदेश

View profile & all 14 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like