जब भी देखता हूँ
जाड़ों में बच्चों को स्कूल जाते
मुझे याद आते हैं दसवीं कक्षा के जाड़े
मेरे पास एक गाढ़ी नीली जर्सी थी
जिसके गले पर दो आसमानी धारियाँ थीं
और जिसका दायाँ कंधा उधड़ चुका था
उसके नीचे हल्की नीली शर्ट थी
जिसका कॉलर धुल-धुल कर घिस चुका था
जिसे पलटने के पैसे दर्ज़ी ने मुझसे न जाने क्यों नहीं माँगे थे
मेरे साँवले कंधे की हड्डियाँ मेरी शर्ट ने छिपा ली थीं
लेकिन शर्ट का उड़ चुका रंग स्वेटर से बाहर झाँकता था
बावजूद इसके
मैंने कभी गुरुओं के पैर छूना बंद नहीं किया
गुरुओं ने भी ख़ूब आशीष दिया, पीठ थपथपाई
लेकिन कभी कंधे पर हथेली नहीं रखी
साथियों ने भी कभी फटे जीवन का एहसास नहीं कराया
लेकिन कुछ की तिरछी हँसी ने ज़रूर सीधी चोट की
माँ चाहती तो सिल सकती थी मेरे जाड़े
मगर वह अपने ही उधड़े रिश्तों को बुनने में मसरूफ़ थी
पिता भी अपना जीवन तुरपने में लगे रहे
दोनों की प्राथमिकताओं में मेरा कंधा
काफ़ी नीचे उतर चुका था।








