तिब्बत देश

अनिल कुमार सिंहअनिल कुमार सिंह25 Sept 1968

1 min read · 12.4K reads

आम भारतीय जुलूसों की तरह ही

गुज़र रहा था उनका हुजूम भी

‘तिब्बत देश हमारा है' के नारे

लगाता हुआ हिंदी में

वे तिब्बती थे यक़ीनन

लेकिन यह विरोध-प्रदर्शन का

विदेशी तरीक़ा था शायद

नारों ने भी बदल ली थी

अपनी बोली

एक भिखारी देश के नागरिक को

कैसे अनुभव करा सकते थे भला वे

बेघर होने का संताप?

अस्सी करोड़ आबादी के कान पर

जुओं की तरह रेंग रहे थे वे

पकड़कर फेंक दिए जाने की

नियति से बद्ध

दलाई लामा तुम्हारी लड़ाई का

यही हश्र होना था आख़िर!

दर-बदर होने का दुख उन्हें भी है

जो गला रहे हैं अपना हाड़

तिब्बत की बर्फ़ानी ऊँचाइयों पर

उन्हें दूसरी बोली नहीं आती

और इसीलिए उनकी आहों में

दम है तुमसे ज़्यादा

दलाई लामा!

वे मोहताज नहीं हैं अपनी लड़ाई के लिए

तुम्हारे या टुकड़े डालने वाले किन्हीं

साम्राज्यवादी शुभचिंतकों के

वे लड़ रहे हैं तिब्बत के लिए

तिब्बत में रहकर ही जो

धड़कता है उनकी पसलियों में

तुम्हारे जैसा ही

कोई क्या बताएगा उन्हें

बेघर होने का संताप दलाई लामा!

अनिल कुमार सिंह
About the poet

अनिल कुमार सिंह

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like